बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। अपर जिलाधिकारी (वित्त /राजस्व) अभिषेक कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (DLRC) एवं जिला परामर्श समिति (DCC) मार्च, 2026 त्रैमास की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की बैंकिंग व्यवस्था, वित्तीय समावेशन, वार्षिक ऋण योजना, कृषि एवं एमएसएमई क्षेत्र में ऋण प्रवाह, विभिन्न सरकारी प्रायोजित योजनाओं तथा बैंकों की ऋण वितरण एवं वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का संचालन एवं स्वागत भाषण अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) धीरज कुमार झा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक जनपद का क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) अनुपात 57.55 प्रतिशत दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद को मिले 9827.14 वार्षिक ऋण योजना 2025-26 के सापेक्ष 10128.73 करोड़ की उपलब्धि हासिल की गई जो कि वार्षिक लक्ष्य का 103.07 प्रतिशत है। जो कि पिछले पांच सालों में अधिकतम रहा । अपर जिलाधिकारी (वित्त /राजस्व) ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया कि वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME), पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), पीएम स्वनिधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि ऋण वसूली में तेजी लाते हुए अनुत्पादक परिसंपत्तियों (NPA) में कमी लाने, वित्तीय समावेशन को और सुदृढ़ बनाने, जनपद के सभी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से आच्छादित कराने हेतु उचित कार्यवाही करें तथा जनपद में ऋण प्रवाह बढ़ाने के लिए विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी (LDO) ऋषभ सक्सेना वीडियो कॉन्फ्रेंस से बैठक में जुड़े हुए थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं के साथ-साथ जनसुरक्षा योजना से अधिक से अधिक लोगों को लाभन्वित कराने के लिए जोर दिया । बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) आशीष कुमार, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त धनंजय सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, संजय श्रीवास्तव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनपद के सभी बैंक समन्वयक एवं अन्य बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()
