बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों (ईएससी) के चिन्हांकन एवं अंतिम प्रस्ताव तैयार करने हेतु जनपद स्तर पर गठित समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों का चिन्हांकन निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान धनबल एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन क्षेत्रों में पूर्व के निर्वाचन अनुभवों, संवेदनशीलता से संबंधित उपलब्ध सूचनाओं, संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों तथा अन्य प्रासंगिक तथ्यों का समुचित परीक्षण करते हुए तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रस्ताव तैयार किया जाए। प्रस्ताव तैयार करते समय सभी संबंधित विभागों के मध्य आपसी समन्वय एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्वाचन आयोग को निर्धारित समयावधि में अंतिम प्रस्ताव प्रेषित किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन व्यय की निगरानी से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचन व्यय की निगरानी, व्यय संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हांकन तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त इण्टर कालेज, महाविद्यालयों, उद्योगों एवं लेवर अड्डों तथा समूह की महिलाओं के नए मतदाता बनाने हेतु कैम्प लगवाने को निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह अजेय सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
