–1100 दीप जलाकर क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि
–मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज ने राष्ट्र रक्षा के लिए युवाओं का किया आह्वान
बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। देश के महान युवा क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के 94वें बलिदान दिवस पर राष्ट्र चेतना मिशन ने राष्ट्र वंदन समारोह के माध्यम से शहीद चौक पर 1100 दीप जलाकर अमर शहीदों को नमन किया। देर रात्रि तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं दर्जनों युवा सम्मिलित रहे। प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी अमर क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के बलिदान दिवस की संध्या पर राष्ट्र चेतना मिशन की ओर से 21वीं बार आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज ने सर्वप्रथम सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर क्रांतिकारियों को नमन किया। उनके उपरांत अन्य अतिथिगण विधायक लक्ष्मीराज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश कुमार धन्नू, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया, व्यापारी सुरक्षा फोरम जिला महामंत्री अनुज अग्रवाल, आजाद पब्लिक स्कूल के चेयरमैन वासिक आजाद एवं शारिक आजाद, उद्योग व्यापार मंडल चेयरमैन राजेन्द्र अग्रवाल, क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सह सचिव पृथ्वीराज सिंह, वरिष्ठ कवि देवेन्द्र मिर्जापुरी, आदि सहित दर्जनों लोगों ने भारत माता के विशाल मानचित्र में 1100 दीप जलाकर देश की आजादी हेतु बलिदान हुए समस्त क्रान्तिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित दर्जनों लोगों ने शहीद स्मारक परिसर में दिन भर संगठन के कार्यकर्ताओं और निकुंज तोमर टीम द्वारा फूलों और दीपकों से बनाए गए भारत के भव्य एवं विशाल मानचित्र में सुसज्जित शहीदों की प्रतिमाओं के चारों ओर बड़ी संख्या में दीप जलाकर देश की आजादी में अपना जीवन बलिदान करने वाले सभी अमर शहीदों को नमन किया। संबोधन के दौरान उक्त सभी अतिथियों ने भारत के स्वतंत्रता संघर्ष में अपना सर्वस्व कुर्बान करने वाले असंख्य क्रांतिकारियों के योगदान का वर्णन करते हुए आज की युवा पीढ़ी को भी राष्ट्र रक्षा हेतु उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी देश के इतिहास से सबक लेकर आजादी की रक्षा के लिए सभी भारतवासियों की एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल चरखा चलाने से नहीं, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन बलिदान से आजादी मिली है, इसे बचाने का संकल्प सभी को लेना होगा। कार्यक्रम में राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह एवं सचिव मयूर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया। कार्यक्रम में जिला उपासना प्रमुख आचार्य कृष्ण मिश्रा, जिला संयोजक पिंटू गुर्जर, रामअवतार लोधी, निकुंज तोमर, प्रशान्त सक्सेना, अरुण राजपूत, हर्ष गुप्ता, मुकुल कुमार, गिरधर चौधरी, देव शर्मा, न्यू गुप्ता, अभिनव वर्मा, पंकज अग्रवाल, विकास सिंह, हिमांशु वाल्मीकि, सुरेश गौतम, भूपेन्द्र कौशिक, सौरभ चौधरी, यश लोधी, श्याम मकवाना आदि सम्मिलित रहे।
![]()
