खुर्जा। ।भारत पुष्प। जैनिथ पब्लिक स्कूल में श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट, मुमरेज पुर अहमदगढ़ जिला बुलंदशहर द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। विद्यालय के डायरेक्टर राहुल राठी के निर्देशन में प्रधानाचार्या गीता डैंग और उप प्रधानाचार्या बबीता शर्मा की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सोनपाल सिंह चौहान उपस्थित रहे। उनके साथ ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र सिंह, सचिव कुमारी कशिश चौहान और कोषाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह (बाबा) भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि सोनपाल सिंह चौहान ने मेधावी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तत्पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रद वचन कहे। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत और लगन की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उप-प्रधानाचार्या ने भी विद्यार्थियों को अपने जीवन में सकारात्मक सोच और अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा बताया गया कि कैसे हमारे मुख्य अतिथि के द्वारा विधवाओं के संरक्षण के लिए विधवा आश्रम खुलवाए गए हैं तथा अनाथ बच्चों के लिए अनाथ आश्रम खुलवाए गए हैं साथ ही उन्हें निःशुल्क शिक्षा भी प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर राहुल राठी ने भी अपना आशीर्वाद प्रदान करते कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए और अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए। जैनिथ पब्लिक स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट का यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
![]()
