– शैक्षिक व सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए हुईं सम्मानित

खुर्जा। ।भारत पुष्प। संगम फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘अवध रत्न सम्मान’ समारोह में एकेपी डिग्री कॉलेज की एकता चौहान को शैक्षिक व सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए अवध रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। एकता चौहान ने बताया कि दिनांक 29 नबंबर 2025 को लखनऊ में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 लोगों को शाल ओढ़ाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण दानिश अंसारी, पूर्व कार्यवाहक मुख्य मंत्री उ प्र अम्माररिजवी तथा अजय तनेजा कुलपति के एम सी भाषा विश्वविद्यालय रहे। संगम फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो सैयद शफीक अशरफी ने संगम फाउंडेशन और अवध रत्न सम्मान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें पिछले वर्षों की उपलब्धियों और प्रमुख सेवाओं का व्यापक विवरण दिया गया। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में फाउंडेशन के निरंतर संघर्ष का उल्लेख करते हुए बताया कि यह सिलसिला 2014 से जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि नई पीढ़ी के लेखकों को प्रोत्साहित करने के लिए फाउंडेशन ने एक नया पुरस्कार ‘नौजवान कलमकार (युवा लेखक) अवध रत्न सम्मान’ शुरू किया है। समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी ने संगम फाउंडेशन की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था समुद्र से भी नायाब मोती खोजने की क्षमता रखती है और समाज में उत्कृष्ट सेवा करने वालों को सम्मानित करने में हमेशा अग्रणी रहती है। उन्होंने युवाओं को अपने बड़ों से सीखने और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सैयद जफर इकबाल ने अपने संबोधन में कहा कि संगम फाउंडेशन केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक भावना को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने फाउंडेशन की सेवाओं को स्वीकार करते हुए कहा कि यह संस्था सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है, जो इसे अन्य संस्थाओं से अलग बनाता है। प्रो. सैयद शफीक अशरफी से अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे सही मायनों में ‘अशरफी’ हैं, जो हर मौके पर देश और समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। समारोह की अध्यक्षता पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिज़वी ने की। अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने फाउंडेशन को बधाई देते हुए इसके सामाजिक, साहित्यिक और कल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दो समुद्र अपनी पहचान बनाए रखते हुए एक धारा में मिल जाते हैं, उसी प्रकार विभिन्न विचारों वाले लोग मिलकर एक मजबूत मानवता का रूप ले लेते हैं, और संगम फाउंडेशन इन्हीं मूल्यों का सुंदर संगम है।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *