खुर्जा। ।भारत पुष्प। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध श्रीमती सावित्री देवी लक्ष्मी चंद्र सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित 38वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों, आचार्यों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनवीर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष, विद्या भारती पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने की। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता एवं प्रदेश निरीक्षक विशोक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना एवं राष्ट्रभक्ति का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं में मेरठ, मुजफ्फरनगर ,गाजियाबाद, हापुड़ ,सहारनपुर, सिकंदराबाद, गाजियाबाद आदि 23 स्थानों से 476 छात्राओं ने खो -खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज प्रतियोगिताओं में बड़े उत्साह के साथ प्रदर्शन किया।साहिबाबाद- गाजियाबाद वॉलीबॉल की टीम , अंबेहटा ,जिला सहारनपुर और हापुड़ की कबड्डी टीम, ककोड़और नोएडा की खो -खो टीम में कड़ा मुकाबला रहा।
![]()
