*श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस समारोह में मनमोहक झांकियों, रंगारंग प्रस्तुतियों और हांडी प्रतियोगिता ने बांधा समां*

खुर्जा। ।भारत पुष्प। ज़ैनिथ पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का भव्य समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के निदेशक राहुल राठी के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की मैनेजर नीलम राठी एवं निदेशक राहुल राठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या गीता डैंग एवं उप-प्रधानाचार्या बबीता शर्मा सहित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की अत्यंत मनमोहक एवं आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। नन्हे कलाकारों ने बाल-कृष्ण, राधा एवं कृष्ण के विभिन्न मनमोहक स्वरूपों को जीवंत कर दिया। उनकी सुंदर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। जन्माष्टमी के अवसर पर कान्हा, राधा एवं सुदामा की मनमोहक पोशाकों में विद्यालय आए नन्हे-मुन्ने बच्चों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के महत्व, उनके समर्पण एवं गुरु-शिष्य संबंध पर आधारित एक अत्यंत शिक्षाप्रद एवं प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या गीता डैंग ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों से प्रेरणा लेने तथा अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुंदर प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप-प्रधानाचार्या बबीता शर्मा ने भी अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे अपने जीवन में उतारने, अनुशासन एवं संस्कारों को अपनाने तथा अपने शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरक वचनों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का सबसे रोमांचक और उत्साहपूर्ण चरण हांडी प्रतियोगिता रहा। विद्यार्थियों के उत्साह एवं टीम भावना को बढ़ाने के लिए  हांडियों का आयोजन किया गया। इनमें चार हांडियाँ बालकों के लिए तथा दो हांडियाँ बालिकाओं के लिए भी रखी गईं। प्रतियोगिता में कक्षा IX एवं X के बॉयज़ एवं गर्ल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । हांडी फोड़ने की इस रोमांचक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उत्साह और टीम भावना के साथ भाग लिया। हर प्रयास के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और पूरा विद्यालय परिसर तालियों एवं जयकारों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में विजयी विद्यार्थियों को विद्यालय के निदेशक एवं मैनेजर की ओर से उपहार एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *