खुर्जा l ।भारत पुष्प। नगर के पुराना जीटी रोड पर नवीन फल-सब्जी मंडी के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार अरनिया थाना क्षेत्र के मीरपुर मंसूरपुर गांव निवासी हीरालाल (47) और दिनेश (45) पुत्र स्व. वीरपाल सिंह दिल्ली में मजदूरी करते थे। दोनों भाई अपने चचेरे भाई जयपाल (54) के साथ बाइक से जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए खुर्जा तहसील जा रहे थे। करीब 11:45 बजे नवीन फल-सब्जी मंडी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हीरालाल और दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मच गई। हीरालाल के परिवार में दो विवाहित बेटियों के अलावा छहवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा है। वहीं दिनेश के तीन छोटे बच्चे हैं, जो गाजियाबाद में पढ़ाई कर रहे हैं। एक साथ दो भाइयों की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *