–छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
जहांगीराबाद l ।भारत पुष्प। रघुवर दयाल प्रभु दयाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोषण सप्ताह एवं हिंदी सप्ताह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता छात्राओं को महाविद्यालय प्रबंधन ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गृह विज्ञान विभाग की ओर से पोषण सप्ताह के समापन अवसर पर पोषण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आहार, पोषण, सेहत और स्वास्थ्य नामक चार समूहों ने हिस्सा लिया। इसमें कीर्ति निगम, अफशीन नाज और प्रियंका से युक्त सेहत समूह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में संतुलित आहार, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का संयोजन कुमकुम वर्मा और सीमा शर्मा ने किया। वहीं हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे हिंदी सप्ताह के अंतर्गत लघु कथा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।कनिष्ठ वर्ग में पावनी शर्मा ने प्रथम, साक्षी राघव ने द्वितीय और दिव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में विमल इंदु प्रथम, खुशबू द्वितीय और निधि तृतीय स्थान पर रहीं। महाविद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि वे शिक्षा के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी समान महत्व दे रही हैं।कार्यक्रम में निदेशक शरद अग्रवाल, संयोजक कुलदीप गर्ग, हर्ष अग्रवाल, गिरीश गर्ग ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अंत में प्राचार्य डॉ. शीनू चौधरी ने कहा कि छात्राओं की निरंतर प्रतिभा और सहभागिता महाविद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों को सार्थक बना रही है। कार्यक्रम में हिंदी प्राध्यापक धनेश शर्मा और बृजबाला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।
![]()
