–श्री श्याम संकीर्तन मंडल की पंचम निशान यात्रा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निकली
खुर्जा। ।भारत पुष्प। श्री श्याम संकीर्तन मंडल, खुर्जा के तत्वावधान में बाबा श्री खाटू श्याम जी की पंचम भव्य निशान यात्रा नगर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर, खुर्जा से हुआ। इसके पश्चात यात्रा जेवर अड्डा चौराहा, बस स्टैंड, मुंडाखेड़ा चौराहा, नेहरू पुर चुंगी, बुर्ज उस्मान, ककराला, पदम सिंह गेट एवं कॉलेज रोड होते हुए नई बस्ती स्थित लाड़ली दास मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। निशान यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष अंजना भगवान दास सिंघल ने किया।
नगर के विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह भव्य तोरण द्वार सजाए गए। समाजसेवी संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर लगाकर जल एवं प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने निशान यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। यात्रा में सैकड़ों महिला एवं पुरूष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बाबा श्याम के पावन निशान हाथों में लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।“हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” एवं “जय श्री श्याम” के जयघोष से पूरा खुर्जा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। बाबा श्री खाटू श्याम जी की असीम कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु भक्ति, प्रेम एवं श्रद्धा में भाव-विभोर होकर इस अलौकिक यात्रा का हिस्सा बने। इस शोभायात्रा में मंडल के अध्यक्ष पवन भार्गव, सचिव वैभव जैन एवं समस्त कमेटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()
