अनूपशहर। ।भारत पुष्प। सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन द्वारा वर्ष भर में अन्तिम संस्कार किए गए सैकड़ों लावारिस एवं अज्ञात मृतकों की आत्मा की शान्ति हेतु संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अनूपशहर गंगा घाट पर सैकड़ों दीप गंगा में समर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या के अवसर पर बवस्टरगंज गंगा घाट पर राष्ट्र चेतना मिशन द्वारा विशाल दीप दान कार्यक्रम आयोजित किया गया। संबोधन करते हुए संस्था के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने कहा कि पूरे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिलने वाले अज्ञात और लावारिस शवों की शिनाख्त नहीं हो पाने पर संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा ही श्मशान घाट पर विधिवत सम्मान पूर्वक अंतिम संस्कार किया जाता है। संस्था के अन्तिम संस्कार सेवा प्रमुख अनिल गर्ग ने कहा कि हर महीने अनूपशहर गंगा जी में सभी का सामूहिक अस्थि विसर्जन करते हैं तथा हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर समस्त अज्ञात मृतकों को मोक्ष प्राप्ति की प्रार्थना के साथ विशाल दीप दान कार्यक्रम किया जाता है। राष्ट्र चेतना मिशन पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की कार्तिक पूर्णिमा के उपरांत इस बार के पर्व तक भी संस्था द्वारा बुलंदशहर जिले भर के लगभग ढाई सौ अज्ञात व लावारिस लोगों का दाह संस्कार किया गया है, जिनके पुण्य स्मृति में 251 दीप जलाकर गंगा में प्रवाहित किये गए हैं। वरिष्ठ पुरोहित सौरभ गौड़ ने पूर्ण विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम संपन्न कराया। कार्यक्रम में राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, अन्तिम संस्कार सेवा प्रमुख अनिल गर्ग, जिला संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ न्यू गुप्ता, आरएसएस नगर संघचालक सुनील गुप्ता, डॉ मुकेश गुप्ता, अभय गर्ग, डॉ अखण्ड प्रताप सिंह, डॉ एस कुमार, अर्पित जैन, डॉ मोहित माधव, कृष्ण मिश्रा, विवेक कुमार दौजी, यशाग्र भारद्वाज, चित्रांशु गौड़, अनिल कुमार गर्ग, देवेश शर्मा, पुलकित बंसल, हिमांशु बाल्मीकि, अरुण राजपूत, गुरुदत्त सैन, मुकुल कुमार, शिवम चौधरी आदि उपस्थित रहे।
![]()
