खुर्जा। ।भारत पुष्प। तहसील क्षेत्र के ग्राम भाईपुर निवासी डॉ. शांतनु राघव एवं डॉ. प्रशांत राघव (पुत्र श्री शिवकुमार राघव) रूस से एमबीबीएस एवं एमडी की शिक्षा पूर्ण कर अपने पैतृक गांव पहुंचे। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन (IVO), भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) तथा ग्रामवासियों ने उनका उत्साहपूर्ण एवं भव्य स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत समारोह में इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन के जिला उपाध्यक्ष वेटरन राजेंद्र सिंह ने कहा कि गांव के इन दोनों होनहार पुत्रों ने अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने स्वर्गीय दादा जगपाल सिंह राघव, दादी उर्मिला राघव, गांव भाईपुर, तहसील खुर्जा एवं जनपद बुलंदशहर का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि दोनों युवा चिकित्सक क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर डॉ. शांतनु राघव एवं डॉ. प्रशांत राघव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति स्वयं पर विश्वास रखे और निरंतर कठिन परिश्रम करे, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मेहनत, अनुशासन और लगन को अपने जीवन का आधार बनाएं, क्योंकि कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक होराम सिंह, भाकियू (चढूनी) के प्रदेश अध्यक्ष सूबे सिंह डागर, कैप्टन हरपाल सिंह, कैप्टन किरण पाल सिंह, सूबेदार सोहनपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, किसान नेता विष्णु चौधरी, प्रदीप चौधरी, अजयपाल सिंह, गिर्राज सिंह, राजकुमार सिंह, प्रवीण चौहान, देवेंद्र अमीन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
![]()
