–संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के समता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

खुर्जा। ।भारत पुष्प। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित ‘संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निकाली जा रही पावन माटी युक्त समरसता कलश वंदन यात्रा का नगर में ऐतिहासिक एवं श्रद्धामय वातावरण के बीच भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के सिटी स्टेशन स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर बौद्ध विहार पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जाटव विकास मंच, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज समिति तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भावपूर्ण अभिनंदन किया। समरसता कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनके समता, समरसता, सामाजिक न्याय, मानवता, बंधुत्व एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प भी दोहराया। इस अवसर पर जाटव विकास मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पावन कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण कर उसका स्वागत किया। पूरे परिसर में संत रविदास जी महाराज के जयघोष, भजन एवं समरसता के नारों से वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायी बना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन एवं वाणी से समाज को समानता, समरसता, भाईचारे और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को आंतरिक पवित्रता, सदाचार और सच्चे आचरण की प्रेरणा देता है। उन्होंने जाति-पांति, ऊंच-नीच एवं सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समरस समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। आज आवश्यकता है कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत बनाया जाए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष सचिन शर्मा, राहुल सिंह, राम दिवाकर, श्याम, डॉ. अशोक, पवन, अभिषेक (सभासद) तथा अशोक भास्कर ने पुष्पवर्षा कर समरसता कलश यात्रा का स्वागत किया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज समिति की ओर से अध्यक्ष दीपक, नानक एवं कन्हैया ने श्रद्धापूर्वक यात्रा का अभिनंदन करते हुए समाज को संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया l जाटव विकास मंच की ओर से अध्यक्ष कैलाश भागमल प्रधान के नेतृत्व में मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पावन कलश का स्वागत किया। कैलाश भागमल प्रधान ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन समरस समाज की स्थापना का प्रेरणास्रोत है तथा उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से संत रविदास जी के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जाटव विकास मंच के सदस्य, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज समिति के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सामाजिक समरसता, समानता, बंधुत्व एवं मानवता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। समरसता कलश वंदन यात्रा का यह स्वागत कार्यक्रम सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और संत रविदास जी महाराज के विचारों के व्यापक प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *