खुर्जा। ।भारत पुष्प। धर्मनगरी खुर्जा शहर जो छोटी काशी के नाम से मशहूर है, के छोटी होली स्थित ऐतिहासिक श्री गंगा मंदिर प्रांगण में रविवार को ऐतिहासिक श्री रामलीला महोत्सव 2026 का भव्य एवं वैदिक विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम एवं उनके अनुजों के पावन अवतरण प्रसंग के साथ लीला का शुभारंभ भक्तिमय व उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आरंभ परम पूज्य विद्वान आचार्यों पंडित वेद प्रकाश शर्मा व पंडित प्रेम प्रकाश शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन एवं शंखनाद के साथ हुआ। लीला मंचन के दौरान सर्वप्रथम देववाणी (आकाशवाणी) का सजीव चित्रण किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात जैसे ही भगवान श्री राम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न जी के पावन जन्मोत्सव का प्रसंग मंचित हुआ, पूरा परिसर “भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला, कौसल्या हितकारी” की चौपाइयों और भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
जन्मोत्सव के उपरांत पारंपरिक बधाई गान, ढोल-नगाड़ों की थाप और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम के बाल स्वरूप के दर्शन किए। महिलाओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं ने बधाई गीतों पर नृत्य कर जन्मोत्सव का आनंद लिया। अंत में भव्य आरती कर सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। उसके पश्चात अखिल ब्रह्मांड नायक, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अवतरण की पावन वेला के उपरांत, श्री रामलीला कमेटी रजि., खुरजा के तत्वावधान में आयोजित ‘श्री रामलीला महोत्सव’ के अंतर्गत चारों भाइयों का अलौकिक एवं मंगलकारी ‘नामकरण संस्कार’ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। सुगंधित पुष्पों, दीपों की कतारों और वैदिक ऋचाओं के सस्वर गान के बीच कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ जी द्वारा चारों शिशुओं के नामकरण की पावन लीला का विधि-विधान पूर्वक मंचन किया गया। ”जो केवल आनंद सिंधु सुखरासी, सोकर त्रैलोक्य सुपासी…” सकल विश्व को आनंद देने वाले परब्रह्म का नाम ‘राम’, समस्त जगत का पोषण करने वाले भ्राता का नाम ‘भरत’, जिनके स्मरण मात्र से शत्रुओं का नाश होता है उनका नाम ‘शत्रुघ्न’ तथा शुभ लक्षणों के धाम प्रभु के अनुज का नाम ‘लक्ष्मण’ रखे जाने के अलौकिक प्रसंग ने उपस्थित सभी भक्तों के हृदय को भाव-विभोर कर दिया। शंखध्वनि, घंटों के नाद और “जय श्री राम” के गगनभेदी जयकारों से संपूर्ण वातावरण परम चेतना और दिव्यता से स्पंदित हो उठा। इस दिव्य अनुष्ठान में श्री रामलीला कमेटी रजि., खुरजा के पदाधिकारियों—प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी ‘विक्की’, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), मन्दिर इंचार्ज अशोक पालीवाल एवं सह मन्दिर इंचार्ज अरुण गर्ग ने सविधि पूजन-अर्चन कर प्रभु के बाल स्वरूपों की मंगल आरती उतारी और समस्त नगरवासियों के आध्यात्मिक कल्याण एवं सुख-शांति की प्रार्थना की। कार्यक्रम के सफल संयोजन व प्रचार प्रसार में सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य एवं प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा। लीला के उपरांत भव्य महाआरती हुई और श्रद्धालुओं में मंगल प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर संदीप मित्तल, राजू रसिक, प्रियांशु रोहेला, समर्थ मित्तल, चुनमुन रसिक, अशोक पालीवाल, अनिल सैनी, लबकेश कुमार भास्कर, शुभम गुप्ता, विकास वर्मा, विकास सोनी, विशाल वाधवा, मिंकू बिंदल, कृष्णा जौहरी, प्रमोद वर्मा, रवि अग्रवाल, ललित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
![]()
