खुर्जा l ।भारत पुष्प। कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित हीरा पोटरी शोरूम पर सोमवार को एक दर्दनाक मामला सामने आया। पति हामिद बेग की मौत के बाद अपने मासूम बच्चों के साथ शोरूम पहुंची महिला ने संपत्ति में अपने हिस्से की मांग को लेकर हंगामा किया और देवर द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी से तंग आकर गोद में बच्चे के साथ पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उसकी व बच्चों की जान बचा ली। मिली जानकारी के अनुसार, पति हामिद बेग के निधन के बाद उनकी पत्नी अपने मासूम बच्चों को लेकर जीटी रोड स्थित हीरा पोटरी शोरूम पर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि वह बच्चों की परवरिश और अपने हक के लिए लंबे समय से अपने हिस्से की मांग कर रही थी, लेकिन वहां मौजूद देवर को उस पर तरस नहीं आया और उसने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। परिवार से न्याय न मिलने और प्रताड़ना से आहत होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा कोतवाली नगर प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तत्परता दिखाई और महिला तथा उसके देवर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।
![]()
