–राष्ट्र चेतना मिशन ने किया स्वागत
बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2081 एवं चैत्र नवरात्रि शुभारंभ के अवसर पर श्री महाकात्यायनी कमेटी के तत्वावधान में 2 दिवसीय भव्य समारोह की श्रृंखला में प्रथम दिन नगर क्षेत्र में कलश यात्रा निकाली गई। राष्ट्र चेतना मिशन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कार्यक्रम में सम्मिलित मातृ शक्ति का अभिनंदन किया। सोमवार रात्रि को 21 हजार दिए जलाकर अदभुत और भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नगर के देवीपुरा क्षेत्र के आनन्द पुरी मोहल्ले से प्रारम्भ हुई कलश यात्रा शास्त्री पार्क, भगवान पुरा, बूरा बाजार चौराहा, डिप्टी गंज, सेठों वाली गली, काली मंदिर चौराहा, भवन देवी मंदिर एवं चार खंभा रोड होते हुए वापस आनंदपुरी के शिव मंदिर में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने बूरा बाजार चौराहा एवं वाल्मीकि चौक देवीपुरा में स्वागत शिविर लगाकर कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में सम्मिलित मातृ शक्ति का पुष्पवर्षा एवं जयघोष कर अभिनंदन किया। यात्रा के पश्चात आयोजित समारोह में संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने सभी को हिन्दू नववर्ष विक्रम सम्वत 2081 एवं चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि श्री महाकात्यायनी कमेटी के युवाओं द्वारा अपनी सनातन संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं को नववर्ष उत्सव के रूप में मनाने की पहल अत्यंत सराहनीय, प्रेरणादायक और अनुकरणीय है। कार्यक्रम की श्रृंखला में सोमवार दिन में कलश यात्रा संपन्न होने के उपरांत रात्रि को 21 हजार दिए जलाकर भव्य दीपोत्सव, मंगलवार दोपहर 12 कुंडीय श्री गायत्री महायज्ञ तथा शाम को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम व्यवस्थाओं में आयोजक श्री महाकात्यायनी कमेटी आनंदपुरी के संचालक यश गरिमामयी और प्रखर हिंदवी के साथ ही मृदुल सक्सेना, विनायक अग्रवाल, आयुष वर्मा, अमन बंसल, दीपक चौधरी, केशव शर्मा, पीयूष कुमार, अनुराग ठाकुर, कार्तिकेय पंडित, प्रशान्त वर्मा, राम अवतार लोधी, देव शर्मा, अक्षित कुमार, हिमांशु गोस्वामी, हरीश प्रजापति, महेश लोधी, हेमन्त गुप्ता, अरुण राजपूत आदि सम्मिलित रहे।
![]()
