बुलंदशहर l ।भारत पुष्प। नगर के यमुनापुरम स्थित शिक्षार्थ डीपीएस में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीपावली मेले ‘उद्यम दीपोत्सव-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा सिंह एवं कोऑर्डिनेटर मनोरमा सिंह के निर्देशन और पर्यवेक्षण में किया गया। मेले का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन के सदस्य विपुल मित्तल, शालिनी मित्तल, अतुल मित्तल एवं मोनिका मित्तल ने संयुक्त रूप से किया।मेले में विभिन्न आकर्षक स्टॉल और गतिविधियां आयोजित की गईं। गेम्स स्टॉल, खरीदारी स्टॉल, फूड स्टॉल और मैजिक कॉर्नर के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्सव एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि मेले में होने वाले वित्तीय लेन-देन की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं संभाली। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को धन के प्रबंधन, लेन-देन और दैनिक खर्चों का हिसाब रखने जैसे महत्वपूर्ण व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला। यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य के लिए आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम रही।कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय के एडमिन विभाग की अंजलि तोमर ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा।इस आयोजन को सफल बनाने में अभिभावकों के साथ-साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगदान दिया। ‘उद्यम दीपोत्सव-2026’ ने मनोरंजन के साथ-साथ विद्यार्थियों को रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और वित्तीय प्रबंधन का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया।
![]()
