–पहलगाम के बदले में आज आतंकियों की बर्बादी पर की आतिशबाजी, बाँटी मिठाई
बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले के प्रतिशोध में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिन्दूर का स्वागत और समर्थन करते हुए राष्ट्र चेतना मिशन कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, सेना के सम्मान में नारेबाजी के साथ शहीद चौक पर आतिशबाजी कर मिठाई बाँटी। संगठन ने आपातकाल परिस्थिति में निर्भीकता से जनसेवा हेतु योगदान का भी संकल्प लिया। देर रात्रि पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक और सैकड़ों आतंकवादियों की मौत से पूरे देश में हर्ष की लहर है। इसी क्रम में राष्ट्र चेतना मिशन के दर्जनों कार्यकर्ता भी जिला संयोजक पिंटू गुर्जर और नगर संयोजक विकास सिंह के नेतृत्व में राजेबाबू पार्क में एकत्रित हुए। भारत सरकार और सेना के सम्मान में अनार, चकरी, फुलझड़ी जैसे पटाखे चलाकर आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए सेना के साहस पर गर्व जताया। राष्ट्र चेतना मिशन के जिला संयोजक पिंटू गुर्जर ने कहा कि पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा क्रूरतापूर्वक नरसंहार के बाद से ही पूरे देश में भीषण आक्रोश था, आज भारत की बहादुर सेना के ऑपरेशन सिन्दूर से जैश ए मोहम्मद सहित तमाम आतंकी ठिकानों की बर्बादी से बहुत सुकून मिला है। नगर संयोजक विकास सिंह ने कहा कि हमारी संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के परिश्रमी कार्यकर्ता हर आपदाकाल में जनसेवा हेतु सदैव तत्पर रहते हैं, इस बार भी हर परिस्थिति में लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए हर समय प्रशासन के साथ सहयोगी के रूप में तैयार रहेंगे। सभी ने हाथों में तिरंगे झंडे लहराते हुए भारत की सेना के सम्मान में भरपूर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलायी। सेना के अभिनंदन कार्यक्रम में पिंटू गुर्जर, विकास सिंह, सोनू गुर्जर, रामावतार लोधी, मोहित मावी, शुभ शर्मा, हिमांशु गर्ग, शुभित अग्रवाल, प्रशान्त ठाकुर, कृष्ण मिश्रा, महेश लोधी, प्रशान्त सक्सेना, अरुण राजपूत, लकी शर्मा, हिमांशु वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
![]()
