बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। तहसील सिकंदराबाद के अंतर्गत गांव पचौता में स्थित बाबा लाला जय सिंह, बाबा देवी दास, बावरी बाबा एवं बाबा गद्दी के मंदिर बने हैं जहां पर प्रत्येक वर्ष होली पर्व के अवसर पर 03 दिवस का मेला लगता है। यहाँ के सिद्ध धाम की चमत्कारिक मान्यता होने के फलस्वरूप दूर दूर से श्रद्धालु लाखों के संख्या में दर्शन करने हेतु आते हैं। 03 दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं हेतु की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी श्रुति एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को चारों मन्दिरों में दर्शन करने में कोई परेशानी न हो इसके लिए आने जाने के अलग अलग मार्ग बनाये जाए।

मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कहा कि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर अपने गंतव्य को वापस जा सके इसके लिए मेला क्षेत्र में निगरानी रखी जाए। पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किये जाए। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हो इसके लिए सजगता रखे। साफ सफाई, पेयजल आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहनों को खड़ा कराया जाए। मेले को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए समुचित व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जाए। इस अवसर पर सीओ सिकंदराबाद भास्कर सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
