बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। विगत दिवसों में हुयी वर्षा तथा बिजनौर बैराज से गंगा नदी में पानी छोड़े जाने के दृष्टिगत जनपद में प्रवाहित होने वाली गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है तथा विगत कुछ दिवसों में गंगा नदी द्वारा कटान किये जाने संबंधी सूचनायें भी प्राप्त हुईं। उपरोक्त के कम में जनपद में गंगा नदी के प्रवाह से आच्छादित तहसील स्याना, अनूपशहर तथा डिबाई के उप जिलाधिकारीगण, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिकारी, विकास विभाग के अधिकारी आदि द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। उक्त के ही कम में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) द्वारा तहसील स्याना स्थित सिद्धबाबा घाट तथा आस-पास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। सिद्धबाबा घाट पर अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गयी है। घाट के पास के क्षेत्रों में लगभग 150 मीटर का कटान पाया गया, जिसके कारण क्षेत्र में पानी पहुँच गया है। प्रभावित क्षेत्र में मुख्यतः गन्ने की फसल पायी गयी। आबादी क्षेत्र बिलकुल भी प्रभावित नहीं है और न ही सामान्य जन-जीवन पर कोई विपरीत प्रभाव पड़ा है। निरीक्षण के समय उपस्थित उपजिलाधिकारी स्याना लालजी विश्वकर्मा द्वारा बताया गया कि राजस्व विभाग के अधिाकरी, सिंचाई विभाग के अधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा जलस्तर तथा कटान के संबंध में लगातार दृष्टि रखी जा रही है। अभी तक कटान के कारण किसी भी प्रकार की फसल क्षति नहीं हुई है। अवगत कराया गया कि तहसील क्षेत्रान्तर्गत 07 बाढ़ चौकियों तथा 07 राहत शिविर क्रियाशील हैं। समस्त घाटों पर तथा नदी के पास वाले क्षेत्रों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जनसामान्य को नदी के पास न जाने हेतु सचेत किया जा रहा है। पुलिस, राजस्व तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों की 24×7 ड्यूटी लगी हुई है। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) द्वारा तहसील अनूपशहर में अवंतिका देवी घाट तथा अन्य आस-पास के क्षेत्रों का भी भ्रमण किया गया। निरीक्षण के समय उपस्थित उपजिलाधिकारी अनूपशहर श्री अरूण कुमार वर्मा द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त क्षेत्रों में भी किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति अथवा फसल क्षति नहीं हुई है। अवगत कराया गया कि कस्बा अनूपशहर के बबस्टरगंज घाट के जहानवी द्वार आरती स्थल पर व मस्तराम घाट में सीढियो तक पानी पहुँचा है, परन्तु बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। अवगत कराया गया कि गंगा किनारे के गांव रूढ, शेरपुर, अकबरपुर उर्फ बच्चीखेड़ा, आजमपुर उर्फ तौरई, सिरौरा, एवं अहार क्षेत्र के हसनपुर, मुबारिकपुर/अवंतिका देवी और अहार के जंगलों में आंशिक रूप से पानी पहुँचा है, परन्तु किसी भी क्षेत्र में कहीं भी आबादी प्रभावित नहीं है। तहसील अनूपशहर क्षेत्र में 05 बाढ़ चौकियों तथा 05 राहत शिविर क्रियाशील हैं। समस्त घाटों पर तथा नदी के पास वाले क्षेत्रों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जनसामान्य को नदी के पास न जाने हेतु सचेत किया जा रहा है। पुलिस, राजस्व तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों की 24×7 ड्यूटी लगी हुई है। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) द्वारा संबंधित राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, सिंचाई विभाग, विकास विभाग तथा अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि गंगानदी के जल स्तर बढ़ने से तथा कटान के दृष्टिगत समस्त व्यवस्थायें समुचित रूप से बनाये रखी जायें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार जनसामान्य को सचेत किया जाता रहे। समस्त घाटों पर 24×7 अधिकारियों की ड्यूटी लगायी जाये। समस्त राहत बाढ चौकियों तथा राहत शिविरों को क्रियाशील रखा जाये। निर्देशित किया गया कि प्रभावित क्षेत्रों का राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा सर्वे कराया जाये तथा फसल क्षति के संबंध में नियमानुसार राहत राशि का वितरण प्रभावित कृषकों को किया जाये। वर्तमान में नरौरा बैराज पर गंगा नदी का जल स्तर अपने खतरे के निशान 178.765 मीटर से नीचे 178.22 मीटर पर है। जनपद की किसी भी तहसील में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है तथा सामान्य जन-जीवन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव परिलक्षित नहीं हुआ है।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *