बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। ‘प्रधानमंत्री पोषण योजना’के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने, कैशलेश चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किए जाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड का वितरण रसोइयों को किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा आज रसोइयों को 04 लाभ दिए जाने की घोषणा की गई जिसमें मानदेय की बढ़ोत्तरी, प्रतिवर्ष 05 लाख तक का मुफ्त चिकित्सा सुविधा, बीमा कवर एवं ड्रेस के लिए दिए जाने वाली धनराशि में बढ़ोतरी हुई है। जनपद स्तर पर जिला पंचायत सभागार में आयोजित रसोइयों का सम्मान समारोह कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक खुर्जा मीनाक्षी सिंह, विधायक सिकंदराबाद लक्ष्मी राज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, जिलाधिकारी कुमार हर्ष, सीडीओ निशा ग्रेवाल सहित अन्य अतिथियों एवं रसोइया बहनों के द्वारा मुख्यमंत्री के संबोधन को सजीव प्रसारण के माध्यम से सुना गया। सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन ने उपस्थित सभी रसोइयों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मीराज सिंह, विधायक मीनाक्षी सिंह एवं अध्यक्ष नगर पालिका दीप्ति मित्तल ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य और सुपोषण को सुनिश्चित करने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है । उन्होंने कहा कि सभीरसोइयाबहने ‘प्रधानमंत्री पोषण योजना’ के उद्देश्यों को धरातल पर पूरी निष्ठा के साथ उतारने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के अपने पुनीत कार्य को निरंतर जारी रखें। इस अवसर पर यह खुशी भी साझा की गई कि शासन द्वारा अब रसोइयों का मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है एवं इसके अतिरिक्त अब परिधान हेतु 500 रुपए के स्थान पर 1 हजार रुपए की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 5 लाख तक के मुफ़्त चिकित्सा सुविधा एवं बीमा कवर से भी रसोइयों को आच्छादित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले चयनित रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर 2026 से लागू होगा जिसका भुगतान अक्टूबर 2026 में किया जाएग। इसके साथ ही, रसोइयों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड’ का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह सहित विभाग के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
