बुलन्दशहर। ।भारत पुष्प। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के अंतर्गत जनपद में एक दिवसीय मिलेट्स मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद एवं विधायक, सिकंदराबाद की उपस्थिति रही। मेले में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों एवं किसान उत्पादक संगठनों (FPO) द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर प्रतिभाग किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए गए तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मेले में प्रतिभाग कर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी किसानों एवं आमजन को दी गई। मेले में ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा एवं कोदो सहित विभिन्न मोटे अनाजों की फसलों एवं उनसे तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया तथा इनके उत्पादन, पौष्टिकता, उपयोगिता एवं बाजार की संभावनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में लखावटी कॉलेज के प्रोफेसर राजपाल, प्रोफेसर सिराजुद्दीन, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) से रिषु सिंह, जिला कृषि अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक सहित कृषि विशेषज्ञों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को मोटे अनाज की उन्नत खेती, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा विपणन के संबंध में जानकारी दी गई। किसानों को श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने तथा इसके माध्यम से अपनी आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मोटे अनाज की खेती एवं उपभोग को बढ़ावा देना, किसानों को श्री अन्न के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना रहा।
![]()
