खुर्जा l ।भारत पुष्प। श्री रामलीला महोत्सव के अवसर पर सेवा समिति (रजि.) द्वारा श्री रामलीला ग्राउंड में आयोजित श्री रामलीला सेवा शिविर-2026 का उद्घाटन बड़े ही भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर, गोला फोड़कर तथा मां सरस्वती, भारत माता और पंडित मदन मोहन मालवीय जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर प्रेम नाथ शर्मा एडवोकेट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभा अध्यक्ष संजय लवली करौरा तथा विशिष्ट अतिथियों में सत्येंद्र पाल सिंह प्रधान, पप्पू गुप्ता भट्टे वाले, मनोज कुमार बंसल ‘सर्राफ’, अजय बंसल ‘सर्राफ’, ललित कुमार तायल एवं पंडित ओम प्रकाश शर्मा (कटरा मंदिर वाले) सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता, अध्यक्ष संजय सैनी लवली ने की। संस्था के अध्यक्ष महेश भार्गव ने कहा कि समाज सेवा ही राष्ट्र सेवा है। संस्था का प्रमुख उद्देश्य जल सेवा के साथ-साथ गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करना तथा समाज में एकता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समिति जनसेवा के कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन कर रही है। संस्था के सचिव प्रियदर्शन भारद्वाज ने बताया कि श्री रामलीला सेवा शिविर में जल सेवा के साथ-साथ मेले में बिछुड़ने वाले अथवा खोने-पाने वाले बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए भी व्यापक व्यवस्था की जाती है। शिविर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिविर में स्काउट की सेवाएं ली गई हैं। स्काउट के सदस्य रामलीला महोत्सव के दौरान व्यवस्था बनाए रखने तथा खोए-पाए बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लाल बहादुर सक्सैना ने जानकारी दी कि आगामी 24 अक्टूबर 2026 को रामलीला सेवा शिविर में सैनिक सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से सैनिकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक सचिव योगेंद्र गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।
![]()
