खुर्जा। ।भारत पुष्प। एकेपी डिग्री कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एनएसएस की प्रथम इकाई द्वारा व्याख्यान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो डिंपल विज, महाविद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाएं नीलू सिंह, डॉ बीना माथुर आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। व्याख्यान की मुख्य वक्ता डॉ बीना माथुर ने बताया कि यह ध्वज सामान्य ध्वज नहीं है। यह हमारे पूर्वजों वीर शहीदों के अनंत बलिदानों का परिणाम है । यह ध्वज हमें उन वीरों की स्मृति दिलाता है और हमें एक राष्ट्र एक समाज के रूप में संगठित रहने का संदेश देता है। आपने कहा कि स्वतंत्रता समर में उतरने वाले युवा अपने प्राणों की आहुति देकर भी इस ध्वज की रक्षा करते थे। ध्वज किसी भी राष्ट्र का गौरव होता है इसलिए हम सभी को इस तिरंगे को अपने हृदय में अपने राष्ट्र में अपने घरों में सुशोभित करना है और इसकी मर्यादा को बनाए रखना है। नीलू सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानों के योगदानों की याद दिलाते हैं और हमें एक महान बनाने, स्वतंत्र रहने, समृद्ध व विकसित होने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर एकता चौहान ने तिरंगे का इतिहास, तिरंगे की संरचना व इसे अपनाये जाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डिंपल विज ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है इससे न केवल भारतीय नागरिक ध्वज के साथ में आत्मीय संबंध को स्थापित करेंगे बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति नागरिकों का सम्मान भी प्रदर्शित होगा और पूरा देश एक उत्सव में समाहित हो जाएगा। इस अवसर पर बुलबुल सोलंकी, मधु सैनी, मीनाक्षी, अंजलि, आरती शर्मा, नाजरीन ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से संबंधित देशभक्ति गीत, कविताएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ मनु आर्या के निर्देशन में सभी ने राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने की शपथ ली। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
![]()
