खुर्जा। ।भारत पुष्प। श्रीमती सावित्री देवी लक्ष्मी चंद्र सरस्वती विद्या मंदिर में अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 35वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता 2024 का रंगारंग शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय में पधारे अतिथिगण द्वारा मां सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ । मां सरस्वती की वंदना के उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने अतिथि परिचय के साथ उनका स्वागत एवं सम्मान किया । प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमान बालकिशन, सह क्षेत्रीय संगठन मंत्री उत्तर क्षेत्र एवं सतपाल, क्षेत्रीय खेल संयोजक पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने किया तथा खिलाड़ी भैया बहिनों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए शपथ दिलाई । प्रतियोगिता में लगभग 703 भैया बहिन एवं उनके साथ आए हुए प्रशिक्षक बंधु बहिनें सहभागिता करेंगे । कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बहिनों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए । उद्घाटन सत्र में खुर्जा के नगर पालिका अध्यक्षा पति भगवान दास सिंघल की उपस्थिति रही । अंत में मनवीर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विद्या भारती पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने आशीष वचन प्रदान कर बच्चों को खेल भावना के साथ अपने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया ।
![]()
