बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन एवं “भावों की संकल्पना: उड़ान कविता की”के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में कई घंटे तक श्रोताओं ने कविता के विभिन्न रसों का आनन्द लिया। ओज, हास्य और श्रृंगार के विभिन्न कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान तथा विशिष्ठ अतिथि वरिष्ठ नेता अनिल सिसौदिया सहित कॉलेज चेयरमैन चमन लाल शर्मा तथा राष्ट्र चेतना मिशन अध्यक्ष हेमन्त सिंह व कॉलेज डायरेक्टर परमानन्द कौशिक ने माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। कवि सम्मेलन का संचालन करते हुए गाज़ियाबाद के प्रख्यात युवा ओज कवि स्वदेश यादव ने देश के वर्तमान परिदृश्य में भारतीय सेना के लिए गर्जना करते हुए कहा कि “सह चुके हैं बहुत अब और सह सकते नहीं हैं, बिन लिए बदला शहादत का भी रह सकते नहीं हैं। सैनिकों को छूट दो सारी कहानी रोक देंगे, मेरे बेटे घर में घुसकर गीदड़ों को ठोक देंगे। भावों की संकल्पना संस्था की अध्यक्षा, दिल्ली निवासी बबीता पांडे ने जन्मदात्री माँ को समर्पित करते हुआ कहा कि “सभी अरमान अपने अलगनी पर टांगती है माँ, मिले रोटी न बच्चों को तो चौखट लाँघती है माँ। बुढ़ापे में भले हम भूल जाएँ प्रेम उस माँ का, हमारे वास्ते फिर भी दुआ ही माँगती है माँ।।”दिल्ली से पधारीं कवयित्री नमिता नमन ने अपनी कविता सुनाई “जिसकी ख़ातिर ए नमिता बनूँ मैं सिया, राम ऐसा कोई भी मिला तो नहीं”। हापुड़ से पधारे युवा कवि विकास त्यागी ने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा क्रूरतापूर्वक हिंदुओं के कत्लेआम पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “नफ़रत से हमको क्यों पुकारा गया, दर्द हमारी आँखों में क्यों उतारा गया। दुनिया के सारे सेक्युलर लोग बतायें, धर्म पूछकर ही क्यों मारा गया।।” हास्य रस के मशहूर वरिष्ठ कवि, दिल्ली से पधारे सुनहरी लाल वर्मा “तुरन्त”ने अपनी आधा दर्जन बेहतरीन प्रस्तुतियों से छात्र छात्राओं को खूब गुदगुदाया। चुटीले अंदाज़ में कहा कि “छप्पर जैसी मूँछ भी लगती हैं अभिराम। करतीं आँधी के समय ये फ़िल्टर का काम।।” 4 घंटे चले कार्यक्रम में पूरे समय उपस्थित रहकर कविताओं का रसपान कर आनंदित हुए मुख्य अतिथि भाजपा ज़िलाध्यक्ष विकास चौहान ने कवि सम्मेलन की भव्यता की प्रशंसा करते हुए सभी कवियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में परमानंद कौशिक, हेमन्त सिंह, आदेश चौहान, पिंटू गुर्जर, देव शर्मा, विकास सिंह, कृष्ण मिश्रा, शुभ पण्डित, राम अवतार लोधी, प्रयाग अग्निहोत्री, चाहत राजपूत, अरुण राजपूत, लकी शर्मा, मनी चौधरी, पुनीत चौधरी आदि सम्मिलित रहे।
![]()
