खुर्जा। ।भारत पुष्प। सोमवार को एकेपी डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा युवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो डिम्पल विज, वरिष्ठ प्राध्यापिका नीलू सिंह तथा अनामिका द्विवेदी ने युवा हृदय सम्राट स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। स्वदेशी से समृद्ध भारत विषय को ध्यान में रखकर प्राचार्या ने सभी को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम अधिकारी डा गीता सिंह ने बताया कि आज का आयोजन स्वामी विवेकानंद जी की लोक हितकारी सोच से युवाओं को परिचित कराने के लिए किया गया है। डॉ मनु आर्या ने बताया कि इस अवसर पर स्वयंसेविका पायल शर्मा, कोमल, सना, डौली, जिया ने स्वामी विवेकानंद जी के विषय में अपने विचार कविता तथा भाषण के रूप में प्रस्तुत किए। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो डिम्पल विज ने स्वयं सेविकाओं को स्वामी विवेकानन्द के जितेन्द्रिय बनने के गुण को अपनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं की सोच और उनकी कार्यक्षमता पर निर्भर करती है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनका मानना था कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। नीलू सिंह ने कहा कि आज का युवा पथभ्रष्ट हो गया है। नशा युवाशक्ति को खोखला कर रहा है। आपने युवाओं को नशा से होने वाली हानियों को बताते हुए नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
![]()
