खुर्जा। ।भारत पुष्प। श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव संचालन समिति (रजिस्टर्ड) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन श्री गोवर्धन मंदिर के प्रांगण में किया गया। बैठक में आगामी 14 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव एवं भव्य नगर शोभायात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मीडिया प्रभारी डीसी गुप्ता ने बताया कि गणेश चतुर्थी भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव के रूप में प्रतिवर्ष श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान श्री गणेश का प्राकट्य हुआ था। भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता तथा बुद्धि, विवेक एवं समृद्धि का देवता माना जाता है। श्रद्धालु इस पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर अपने जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं। समिति के सचिव विकास वर्मा ने बताया कि 14 सितंबर 2026 को श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव संचालन समिति (रजिस्टर्ड), खुर्जा के तत्वावधान में श्री गणेश महोत्सव एवं भव्य नगर शोभायात्रा रानी वाला चौक, खुर्जा से निकाली जाएगी। शोभायात्रा को भव्य, आकर्षक एवं अविस्मरणीय बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने महोत्सव एवं शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन एवं समय से पूर्ण सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद भारद्वाज ‘गुरुजी’ ने की। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन में खुर्जा की विभिन्न मंडलियों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे गणेश चतुर्थी महोत्सव को और अधिक भव्य एवं जन-भागीदारी वाला बनाया जा सके। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रोहतास दीक्षित, सचिव विकास वर्मा, कोषाध्यक्ष सुधीर वर्मा, जनरल मैनेजर सुमित बंसल, मीडिया प्रभारी डीसी गुप्ता कांटे वाले, हितेंद्र कुमार वर्मा, अतुल गोविल, विकास सोनी, हैप्पी वर्मा, पंडित सोनू शर्मा, राकेश वर्मा, शिवकुमार वर्मा, बलवीर सैनी, प्रभात कुमार सोनी, चंद्र प्रकाश वर्मा, प्रमोद भारद्वाज ‘गुरुजी’, कुलदीप शर्मा, रविंद्र कुमार, अंकित बंसल आदि उपस्थित रहे।
![]()
