खुर्जा। ।भारत पुष्प। रविवार से प्रारम्भ हो रहे शारदीय नवरात्रि के अवसर पर श्री नव दुर्गा शक्ति मंदिर में दूर दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। इस अवसर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मंदिर का निरीक्षण करते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। माता के दर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आने जाने वाले मार्गो को देखा गया। निर्देशित किया गया कि श्रद्धालु सुव्यवस्थित रूप से माता के दर्शन कर सके इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाये। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने, सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने माता के दर्शन कर पूजा अर्चना करते हुए आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, उप जिलाधिकारी खुर्जा सतेंद्र सिंह, सीओ खुर्जा शोभित कुमार, ईओ नगर पालिका सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
