खुर्जा। ।भारत पुष्प। श्री रामलीला कमेटी (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित ‘श्री रामलीला महोत्सव 2026’ के अंतर्गत गुरुवार को श्रद्धा, भ्रातृत्व प्रेम और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण ‘भरत मिलाप शोभा यात्रा’ तथा मथुरा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आलौकिक ‘महा रासलीला’ का आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हुआ। प्रभु श्री राम और भ्राता भरत के अलौकिक मिलन के साक्षी बने हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे, वहीं राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम रस में डूबी रासलीला ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभा यात्रा का विधिवत शुभारंभ से हुआ। सुगंधित पुष्पों, सजी-धजी झांकियों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह आरती उतारकर व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रभु श्री राम, माता जानकी, लक्ष्मण जी, भरत जी, शत्रुघ्न जी और संकटमोचन हनुमान जी के स्वरूपों के दर्शन कर पूरा वातावरण “जय श्री राम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
शोभा यात्रा के उपरांत रामलीला मैदान (जंक्शन रोड) पर मुख्य कार्यक्रम ‘भरत मिलाप’ का भावुक दृश्य मंचित हुआ। चौदह वर्ष के वनवास के पश्चात जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और उनके अनन्य भक्त भ्राता भरत का मिलन हुआ, तो वहां उपस्थित प्रत्येक भक्त की आंखें छलक पड़ीं। यह दृश्य केवल एक प्रसंग नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण और परिवार के अटूट प्रेम का जीवंत संदेश दे गया। भरत मिलाप के उपरांत मंच पर राधा-कृष्ण के भक्ति और आनंद से सजी दिव्य ‘महा रासलीला’ की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। मथुरा से पधारे सुप्रसिद्ध कलाकारों एवं कथा वाचक पं० पवन चतुर्वेदी के सानिध्य में प्रस्तुत इस अलौकिक रास ने समूचे प्रांगण को वृंदावन के रंग में रंग दिया। मयूर नृत्य, गोपियों संग महारास और ब्रज की मधुर धुनों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी राहुल सिंह (मुख्य अतिथि) एवं कुलदीप शर्मा ‘के.डी.’ (विशिष्ट अतिथि) सहित नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी (विक्की), कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन) सहित शोभा यात्रा इंचार्ज अनमोल अग्रवाल, रासलीला इंचार्ज महेश भार्गव के अलावा अनमोल अग्रवाल (इंचार्ज) कृष्ण गोपाल सर्राफ (संयोजक) शेखर वर्मा (संयोजक) जीतू अग्रवाल (संयोजक) विनीत आर्य (सोशल मीडिया प्रभारी) रविकांत भारद्वाज (प्रिंट मीडिया प्रभारी) ललित गुप्ता (सह प्रभारी) मोहित (मीडिया सहयोगी) राकेश वर्मा (सह-संयोजक) दिनेश वर्मा (सह-संयोजक) मनीष गुप्ता (सह-संयोजक) जय प्रकाश शर्मा (सह-संयोजक) विशेष गर्ग (सह-संयोजक) महेश भार्गव (इंचार्ज) डीसी गुप्ता (छोटे मंत्री) यश गुप्ता (संयोजक) वासुदेव (संयोजक) राहुल गुप्ता (संयोजक) अंकुज शर्मा (संयोजक) सुनील सोलंकी (निवेदक) वैभव जैन (निवेदक) विनय बेनीवाल (निवेदक) विकास आजाद हिन्दू (निवेदक) प्रियांशु गुप्ता जौहरी (निवेदक) मनीष गुप्ता उपस्थित रहे।
![]()
