–बुलन्दशहर की शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 20.65 करोड़ रुपए से अधिक की 10 परियोजनाओं का किया वर्चुअल लोकार्पण व शिलान्यास

लखनऊ/बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा स्व0 चौधरी चरण सिंह की 143वीं जयन्ती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया और इस अवसर पर पश्चिमी उ0प्र0 खासतौर से जनपद बुलन्दशहर के विधानसभा क्षेत्र शिकारपुर के लिए 20.65 करोड़ रूपये से अधिक की 10 परियोजनाओं का लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से वर्चुअली शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिये कि आज शिलान्यास की गयी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करें। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की माटी के लाल, किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह जी का जीवन कृषकों, ग्रामीण भारत और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा है। उनके आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उ0प्र0 स्व0 चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रहा है। उन्होंने सिंचाई एवं अधिक से अधिक अन्न उत्पादन पर जोर देकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। मंत्री ने बताया कि शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज क्षेत्र में सात विकास योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिन पर 17.96 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आई है। वहीं, तीन नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है, जिन पर 02.69 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। इस प्रकार कुल मिलाकर 20.65 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाएं शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र को समर्पित की गई हैं, जो क्षेत्र में पर्यटन विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए शिकारपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सशक्त नेतृत्व में यह क्षेत्र तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के अनेक अवसर भी सृजित होंगे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *