अलीगढ़। ।भारत पुष्प। जनपद में सरकारी एम्बुलेंस सेवा (102) एक बार फिर गर्भवती महिला के लिए देवदूत साबित हुई। धनीपुर ब्लॉक के ग्राम सीकरना निवासी पप्पू की 29 वर्षीय पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 102 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया। जिला महिला चिकित्सालय से एम्बुलेंस तत्काल मरीज को लेने पहुंची। जब एम्बुलेंस महिला को लेकर अस्पताल की ओर आ रही थी, तभी मडराक के समीप महिला को तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता और समय की कमी को देखते हुए, एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी (EMT) रश्मि ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने एम्बुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाकर वाहन के अंदर ही प्रसव कराने का निर्णय लिया। ईएमटी रश्मि ने अपनी कुशलता से महिला की सुरक्षित डिलीवरी संपन्न कराई। इसके उपरांत जच्चा और बच्चा दोनों को जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वर्तमान में मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। 108/102 एम्बुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर मोहम्मद अरशद ने बताया कि ईएमटी रश्मि और पायलट गजेंद्र द्वारा किया गया कार्य अत्यंत सराहनीय है। उनकी तत्परता और सूझबूझ से एक अनमोल जीवन सुरक्षित रहा। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए दोनों कर्मियों को जल्द ही जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
![]()
