बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों के कम में पुनः सूचित किया जाता है कि दिनांक 02.02.2026 (सोमवार) को समस्त बीएलओ जनपद में अवस्थित 07 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 3031 मतदेय स्थलों पर आलेख्य निर्वाचन नामावली के साथ उपस्थित रहेंगे। उक्त दिनांक 02.02.2026 (सोमवार) को समस्त बीएलओ द्वारा अपने मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली को पढ़ा जायेगा। समस्त बीएलओ अपने मतदेय स्थल की अनुपस्थित / मृतक /शिफ्टेड / डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। बी०एल०ओ० के द्वारा उक्त अवधि में दावे तथा आपत्ति के संबंध में फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), 6ए, 7 व 8 (घोषणा पत्र सहित) प्राप्त किए जायेंगे। समस्त सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी लगातार मतदेय स्थलों का भ्रमण करेंगे। समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय / राज्यीय राजनैतिक दलों से अनुरोध किया जाता है कि उक्त दिनांक को अपने-अपने बीएलओ को मतदेय स्थल पर उपस्थित रहने हेतु निर्देशित करने का कष्ट करें। समस्त ग्राम प्रधान / सम्बन्धित क्षेत्र के पार्षद/वार्ड सदस्य / बूथ लेवल एजेण्ट तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से अनुरोध है कि वे उक्त अवधि में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने हेतु सम्बन्धित बीएलओ का सहयोग करने का कष्ट करें। समस्त मतदाताओं से अपील की जाती है कि दिनांक 02.02.2026 (सोमवार) को अपने मतदेय स्थल पर पहुँचकर आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपने तथा अपने परिवारीजन के नाम को चैक कर लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि के संबंध में संबंधित बीएलओ को अवगत करा दें।
![]()
