बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ उत्सव का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्रुति द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर माल्यार्पण कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नौनिहालों की मजबूत नींव ही एक विकसित और सशक्त समाज का आधार है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए प्रत्येक बच्चे को ‘निपुण’ बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (Foundational Literacy and Numeracy – FLN) को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करना है। इस दौरान प्री-प्राइमरी शिक्षा पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित कर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक रूप से स्कूली शिक्षा हेतु तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि बच्चों में पढ़ने, लिखने तथा बुनियादी गणितीय कौशल का विकास सुनिश्चित कर उन्हें कक्षा 3 तक निर्धारित ‘सीखने के लक्ष्यों’ (Learning Outcomes) को प्राप्त कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्सव के दौरान शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि बच्चों के पोषण एवं शिक्षा दोनों पहलुओं पर समान रूप से ध्यान दिया जा सके। विभिन्न वक्ताओं ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में संचालित नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान जनपद के 16 ब्लॉकों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नोडल शिक्षकों, नोडल शिक्षक संकुलों, ईसीसीई एजुकेटर्स (ECCE Educators), शिक्षामित्रों, सुपरवाइजरों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग सरकार की मंशा के अनुरूप बुनियादी शिक्षा के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का समर्पण और परिश्रम ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा व जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, शिक्षक, शिक्षामित्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *