बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण द्वारा बुलन्दशहर खुर्जा विकास क्षेत्र के  दीर्घकालिक एवं समग्र, बेहतर तथा आर्थिक भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए तैयार किये जा रहे बुलन्दशहर विजन प्लान-2055 के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में बताया गया कि विजन प्लान- 2055 का उद्देश्य बुलंदशहर खुर्जा प्राधिकरण क्षेत्र के नियोजित एवं सतत विकास के लिए एक दीर्घकालिक रूपरेखा तैयार करना है, जो विकसित भारत-2047 एवं विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश-2047 की व्यापक विकास अवधारणा के अनुरूप है। योजना में जनता की आकांक्षाओं के साथ-साथ वर्ष 2055 की अनुमानित जनसंख्या एवं उसके अनुरूप आधारभूत संरचना, परिवहन, आवास, सार्वजनिक सुविधाओं एवं उपयोगिताओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्लान तैयार किया जा रहा है। विजन प्लान में ग्रेटर नोएडा, न्यू नोएडा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा आसपास के एक्सप्रेसवे से उत्पन्न होने वाले क्षेत्रीय विकास एवं आर्थिक अवसरों को भी ध्यान में रखा गया है। इन अवसरों का लाभ उठाते हुए क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न प्रस्ताव तैयार किए गए है। विजन प्लान के अंतर्गत औद्योगिक नोड एवं आर्थिक क्लस्टर, ट्रेड पार्क, सड़क नेटवर्क का उन्नयन, सार्वजनिक परिवहन में सुधार, आधुनिक बस टर्मिनल, एकीकृत टाउनशिप, प्लेसमेकिंग तथा पर्यटन एवं विरासत विकास से संबंधित प्रमुख प्रस्ताव शामिल हैं। इन प्रस्तावों का उद्देश्य क्षेत्र की आर्थिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ कनेक्टिविटी एवं शहरी सुविधाओं में सुधार करना है। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा तैयार की गई पीपीटी के माध्यम से  विजन प्लान को देखते हुए उसमें प्रदर्शित प्रस्तावों एवं समग्र विकास रणनीति की सराहना की गई तथा संबंधित विभागों को चिन्हित प्रस्तावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही एवं क्रियान्वयन की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होनें कहा कि बुलन्दशहर के विकास, समृद्धि के लिए विजन प्लान 2055 का लक्ष्य प्राधिकरण क्षेत्र को विकास क्षेत्र के रूप में एक सुव्यवस्थित, आर्थिक रूप से सशक्त, बेहतर कनेक्टिविटी युक्त, सतत एवं भविष्य के लिए तैयार विकास क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए एक दीर्घकालिक रोडमैप प्रदान करना है। बैठक में उपस्थित उपाध्यक्ष अपराजिता सिंह सिनसिनवार द्वारा प्राधिकरण की ओर से विजन प्लान के तहत की जाने वाली प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं कि आमजन को बेहतरीन और आधुनिक नागरिक सुविधाएं मिले। हमारा विजन है कि बुलंदशहर खुर्जा क्षेत्र उत्तर प्रदेश के सबसे तेजी से उभरते, प्रगतिशील और हरित औद्योगिक आवासीय हब के रूप में अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाए। प्राधिकरण का हर कदम, विकास और आपके विश्वास की ओर समर्पित है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अभिषेक कुमार सिंह सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारीगण तथा परामर्शदाता संस्था एईकॉम इंडिया प्राईवट लिमिटेड की टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *