बुलन्दशहर। ।भारत पुष्प। जनपद न्यायाधीश, बुलन्दशहर संजय सिंह के निर्देशानुसार एवं विकास चौधरी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलन्दशहर के पर्यवेक्षण में आमजन को न्यायालय संबंधी सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं सरलता से उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न डिजिटल माध्यमों के प्रति जागरूक किया गया। उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा PaymentSetu Portal बनाया गया है जिसके माध्यम से न्यायालय संबंधी विभिन्न भुगतानों को ऑनलाइन एवं सुगम बनाया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से आमजन घर बैठे न्यायालय से संबंधित कोर्ट फीस, ई-फाइन एवं अन्य निर्धारित भुगतानों की प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से पूरा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यातायात चालान से संबंधित सुविधाएं भी PaymentSetu Portal के माध्यम से उपलब्ध कराई गई हैं। आमजन अपने वाहन से संबंधित चालान का विवरण ऑनलाइन देख सकते हैं तथा चालान की स्थिति एवं भुगतान संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे नागरिकों को भुगतान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा समय एवं श्रम की बचत होगी। माननीय जनपद न्यायाधीश, बुलन्दशहर श्री संजय सिंह द्वारा न्यायिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से डिजिटल सुविधाओं के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया जा रहा है। वहीं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलन्दशहर विकास चौधरी द्वारा आमजन को उपलब्ध विधिक एवं डिजिटल सुविधाओं के संबंध में जागरूक किए जाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संजय सिंह जनपद न्यायाधीश, बुलन्दशहर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे PaymentSetu Portal पर उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं का अधिकाधिक लाभउठाएं तथा न्यायालय एवं यातायात चालान संबंधी निर्धारित भुगतानों को सुविधाजनक एवं पारदर्शी डिजिटल माध्यम से करने के प्रति जागरूक रहें।
![]()
