बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में जनगणना कार्य से संबंधित तैयारियों, प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। भारत सरकार की अधिसूचना संख्या 4729, नई दिल्ली दिनांक 05 सितम्बर 2026 द्वारा उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण का कार्य दिनांक 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित किया गया है। इसके साथ ही स्व-गणना का कार्य दिनांक 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक निर्धारित किया गया है। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि द्वितीय चरण हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समस्त कार्य समय से पूर्ण कर लिये जाएं। महोदय द्वारा निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष रूप से निर्देश दिये गये- फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण दिनांक 04 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक। प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति दिनांक 15 अक्टूबर 2026 तक। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण दिनांक 22 अक्टूबर 2026 से 14 नवम्बर 2026 तक। प्रशिक्षण स्थल का चयन ऐसे उपयुक्त संस्थानों का चयन किया जाए जहां स्मार्ट क्लासरूम उपलब्ध हों. ताकि एक स्थान पर एक से अधिक बैचों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा सके तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण किया जा सके। प्रशिक्षण बैच एवं कैलेंडर- प्रशिक्षण बैचों का गठन करते हुए प्रशिक्षण कैलेंडर जारी किया जायेंगे तथा प्रत्येक प्रशिक्षण बैच के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी, जो संबंधित बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समय से अनुश्रवण करेंगे।प्रोजेक्टर, एलईडी/टीवी स्क्रीन, माइक की प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्था एवं निगरानी प्रत्येक प्रशिक्षण कक्ष जनरेटर / पावर बैकअप आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी प्रशिक्षण स्थलों पर आवश्यक तकनीकी, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं प्रशिक्षण प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं निगरानी- नामित नोडल अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा निर्धारित प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार प्रशिक्षण के आयोजन की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे। बैठक में निर्देशित किया गया कि जनगणना-2027 के संबंध में प्रिन्ट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनगणना के विषय में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में कूड़ा वाहनों पर ऑडियो के माध्यम से भी नियमित प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को जनगणना संबंधी जानकारी प्राप्त हो सके। इसके अतिरिक्त जनगणना-2027 के प्रथम चरण के कार्मिकों को समस्त देयों का भुगतान पूर्ण किये जाने तथा जहां पर 850 से अधिक आबादी है, वहां आवश्यकतानुसार सव ई०बी० तैयार करने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है। जनपद के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सारिणी के अनुसार सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अभिषेक कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नीतीश कुमार सिंह सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
