–स्वयंसेवकों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
खुर्जा । ।भारत पुष्प। एनआरईसी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और गरिमामयी वातावरण के बीच मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. विशाल कौशिक ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृत विभाग के आचार्य डॉ. सुभाष पैन्यूली एवं गणित विभागाध्यक्ष डॉ. हितेश सिंह उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और स्वच्छता व सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मुख्य सत्र में सभी स्वयंसेवकों को जीवन पर्यन्त नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं की वैचारिक अभिव्यक्ति को मंच देने के लिए ‘सामाजिक जागरूकता’ विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एनएसएस के आदर्श वाक्य “मैं नहीं, आप” (Not Me But You) को रेखांकित करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एक स्वच्छ, स्वस्थ और नशामुक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सदैव राष्ट्रहित व समाज सेवा में तत्पर रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सेवा भावना को संवारने की एक सशक्त कार्यशाला है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।
![]()
