बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन एवं आजाद पब्लिक स्कूल द्वारा सरस्वती शिशु मन्दिर शिवपुरी में सैकड़ों विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री किट वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान की। हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्र चेतना मिशन एवं आजाद पब्लिक स्कूल द्वारा संयुक्त रूप से सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। संस्था के सहयोग से पाठ्य सामग्री वितरण के साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा हेतु चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक कम्प्यूटर शिक्षा हेतु प्रदत्त कम्प्यूटर लैब आदि के कुशल उपयोग हेतु स्कूल कैंपस में वाईफाई कनेक्शन भी लगवाया गया। कार्यक्रम संयोजक राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने मुख्य अतिथि आजाद पब्लिक स्कूल एनसीआर ब्रांच की प्रिंसिपल शिल्पी सिंह, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता नदीम अख़्तर एवं आज़ाद इंफ्रापावर से सोहराब आज़ाद, सरस्वती शिशु मंदिर शिवपुरी के वरिष्ठ संरक्षक भरत सिंह, हैंडपंप व्यापार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव सिंघल आदि अतिथियों को मस्तक पर तिलक लगाकर विशेष अंगवस्त्र तथा प्रतीक चिह्न भेंटकर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत अभिनन्दन किया। सभी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर उदघाटन किया। उसके उपरांत सभी अतिथियों ने स्कूल के सैकड़ों बच्चों को पाठ्य सामग्री की किट बांटकर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि आज़ाद पब्लिक स्कूल प्रिंसिपल शिल्पी सिंह ने कहा कि जिस तरह हमारे देश के प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में भारत का नाम ऊंचा करके हम सबको गौरवान्वित कर रहे हैं, उसी तरह उनसे प्रेरणा लेते हुए हम सभी को भी देश के सम्मान और विकास में योगदान करना है। सेवा दिवस समारोह का संचालन करते हुए राष्ट्र चेतना मिशन के सचिव मयूर अग्रवाल ने भी बच्चों को नरेन्द्र मोदी जी के जीवन संघर्ष, परिश्रम, भारतीय राजनीति में अभूतपूर्व योगदान और विश्व भर में उनके सम्मान का वर्णन करते हुए मोदी जी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विद्यालय के सभी 200 बच्चों को वितरित पाठ्य सामग्री किट में 6 कॉपी, 1 ड्राइंग बुक, 1 पेंसिल बॉक्स, 1 लंच बॉक्स, पेंसिल पैकेट, रबड़ पैकेट, शार्पनर पैकेट, स्केच पैन पैकेट, स्केल आदि सामग्री सम्मिलित रही। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में हेमन्त सिंह, शुभम चौधरी, आचार्य कृष्ण मिश्रा, उमेश कुमार चौधरी, डॉ एसएन दुबे, देवेश शर्मा, पिंटू गुर्जर, विकास सिंह, एकांश कुमार, रजत भारद्वाज, हिमांशु वाल्मीकि, रामअवतार लोधी, मुकुल कुमार आदि सम्मिलित रहे।
![]()
