बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग के कार्यों एवं ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में राजस्व निरीक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिलाधिकारी श्रुति की अध्यक्षता में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में धारा 30 के अंतर्गत नक्शा संशोधन की आख्या विषय पर चकबंदी अधिकारी बुलंदशहर श्याम सिंह राना, धारा 24 के अंतर्गत की जाने वाली पैमाईश की प्रक्रिया विषय पर नायब तहसीलदार सदर ललित नारायण, धारा 33 के अंतर्गत निर्विवाद उत्तराधिकार विषय पर तहसीलदार सदर मनोज रावत, आरआई डैशबोर्ड भूलेख – खसरा, अंश संशोधन अविवादित, नाम संशोधन विषय पर तहसीलदार शिकारपुर गौरव विश्नोई एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री मयंक गोयल, धारा 80 के वादों में आख्या विषय पर उप जिलाधिकारी सिकंदराबाद दीपक पाल एवं भूलेख खतौनी/ई परवाना (डीएससी) लगाने विषय के संबंध में नायब तहसीलदार स्याना सुलभ गुप्ता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक गोयल द्वारा संबंधित विषयों पर विस्तृत रूप से प्रशिक्षण दिया गया। राजस्व निरीक्षकों के द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी उन्हें विस्तार से उत्तर दिया गया। गांव में चकबंदी होने के उपरांत राजस्व निरीक्षकों के द्वारा किए जाने वाले कार्यों में आने वाली समस्याओं के नियमानुसार निस्तारण करने के लिए प्रक्रिया के बारे में सीओ चकबंदी द्वारा अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, नाम परिवर्तन, पैमाईश, नक्शा, खसरा, खतौनी में नाम संशोधन, आदि बारे में भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व संहिता में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार ही कार्य संपादित किए जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों को लंबित नहीं रखकर समय से उनका निस्तारण करें। इस अवसर पर सीडीओ निशा ग्रेवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अभिषेक सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक भरत राम यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधांशु, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
