अलीगढ़। ।भारत पुष्प। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अलीगढ़ मंडल कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान और जीवन रक्षक सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर निदेशक डॉ. मोहन झा ने एंबुलेंस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “102 एवं 108 एंबुलेंस ‘स्वास्थ्य सेवा’ के क्षेत्र में दशक की सबसे बड़ी उपलब्धि कहा जा सकता है।” उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के बाद का पहला महत्वपूर्ण घंटा) और नियमित प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर दी गई चिकित्सीय सहायता किसी भी व्यक्ति की जान बचाने में सबसे निर्णायक भूमिका निभाती है। आगे उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में 102 व 108 एंबुलेंस की सेवा निरंतर सुधार के साथ और बेहतर होती जा रही है जिससे उसकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो चुकी है। इस अवसर पर जेडी डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय ने एंबुलेंस कर्मियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि ये कर्मचारी अत्यंत विषम परिस्थितियों में दिन-रात सेवा भाव से कार्य करते हैं। हाल के दिनों में अलीगढ़ जनपद में एंबुलेंस के भीतर सुरक्षित डिलीवरी कराने, सड़क हादसों में त्वरित पहुँचने और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाने में इन कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा है। अपर निदेशक ने एंबुलेंस सेवा से संबंधित हालिया समाचारों की समीक्षा की और प्रबंधन तंत्र की कुशलता को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से अलीगढ़ जनपद के प्रोग्राम मैनेजर मोहम्मद अरशद के कुशल कार्य प्रबंधन की प्रशंसा की। एंबुलेंस सेवा के रीजनल मैनेजर नेहाल राजा द्वारा दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन और नेतृत्व को सराहा। समारोह के अंत में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों ने एंबुलेंस कर्मियों को भविष्य में भी इसी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।
![]()
