बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें जनपद बुलंदशहर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए समस्त सीटों पर अपना कब्जा जमाया है। जनपद बुलंदशहर को आवंटित कुल 199 सीटों के सापेक्ष 195 सीटों पर बच्चों का चयन हुआ है, जबकि केवल 4 सीटें अनुसूचित जनजाति के आवेदन प्राप्त न होने के कारण रिक्त रह गईं। इस परीक्षा में जनपद भर से 4100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। इस छात्रवृत्ति हेतु केवल वही छात्र पात्र होते हैं जो सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत हों और जिन्होंने कक्षा 7 की वार्षिक परीक्षा न्यूनतम 55% अंकों (आरक्षित वर्ग हेतु 5% की छूट के साथ) के साथ उत्तीर्ण की हो। बताया गया कि चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को भारत सरकार द्वारा कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के चार वर्षों के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये (एक हजार रुपये) की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, बशर्ते छात्र पात्र श्रेणी के संस्थानों में अपनी पढ़ाई जारी रखें और उनका शैक्षणिक प्रदर्शन संतोषजनक रहे। जनपद के विद्यालयों में सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन कंपोजिट विद्यालय टिटौटा, जहांगीराबाद का रहा जहाँ से सर्वाधिक 11 बच्चों का चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त उच्च प्राथमिक विद्यालय बिसुंधरा से 7 बच्चे, कम्पोजिट विद्यालय शेरपुर सिकंदराबाद से 5 बच्चे, उच्च प्राथमिक विद्यालय पीपाला अगौता से 5 बच्चे और कम्पोजिट विद्यालय कैथाला गुलावटी से 4 बच्चों ने मेरिट में स्थान बनाया है। जिलाधिकारी बुलंदशहर ने कहा कि यह परिणाम परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा के बढ़ते स्तर और शिक्षकों के कठोर परिश्रम का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह छात्रवृत्ति मेधावी बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
![]()
