बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स (FT) के प्रशिक्षण के प्रथम बैच का तृतीय एवं अंतिम दिवस डायट, बुलंदशहर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में विशेष रूप से जनगणना एप के माध्यम से डेटा संग्रहण, मकानों के सूचीकरण, परिवारों की गणना तथा सर्वेक्षण कार्य को सही और प्रभावी ढंग से संपन्न करने की विधियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देते हुए जनगणना कार्य के महत्व, उसकी सटीकता तथा समयबद्धता पर विशेष बल दिया गया। साथ ही फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। सभी 78 फील्ड ट्रेनर्स को फील्ड में जाकर सर्वे का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसके लिए सभी प्रतिभागियों को चार समूहों में विभाजित किया गया। फील्ड में जाकर उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में जनगणना प्रक्रिया को समझने और उसका अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। यह प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स स्वाति गोयल, डॉ० ललित यादव (प्रवक्ता, डायट), उमेश कुमार तथा सुरेंद्र कुमार द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें आगामी कार्य के लिए तैयार किया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सिंह अपर जिलाधिकारी जी ने प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी सर्वेक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पर्यवेक्षक के रूप में अंगद यादव अपर उपजिलाधिकारी सदर व लालजी विश्वकर्मा अपर उप जिलाधिकारी न्यायिक स्याना का प्रशिक्षण में मार्गदर्शन मिला। इस प्रशिक्षण के सफल आयोजन से जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सुचारु और प्रभावी रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
![]()
