–छात्राओं में दिखा गजब का उत्साह
सिकंदराबाद। ।भारत पुष्प/पवन शर्मा। देहात के गांव सलेमपुर कायस्थ में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिकंदराबाद इकाई द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर’ का अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ समापन हो गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना, उनके भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें समाज में एक सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में उभारना था।।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल की वार्डन बीना तितोरिया रहीं जिन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व और संचालन अभाविप के जिला संयोजक कर्मवीर सिंह भाटी, नगर सह-मंत्री माही और नगर छात्रा प्रमुख रिया द्वारा किया गया। इन पांच दिनों से चल रहे इस विशेष शिविर में छात्र बहनों को किताबी ज्ञान से हटकर जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया। शिविर के दौरान संचार कौशल आत्मविश्वास में वृद्धि, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
बहनों को यह सिखाया गया कि वे किस प्रकार आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य को एक नई दिशा दे सकती हैं। इस अवसर पर अभाविप के जिला संयोजक कर्मवीर सिंह भाटी ने अपने विचार रखते हुए कहा, “विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित और राष्ट्रहित के लिए कार्य करती है। समाज की मातृशक्ति को सशक्त और जागरूक किए बिना एक मजबूत राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती और यह शिविर छात्राओं के जीवन में मील का पत्थर साबित होगा और उनमें एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि बीना तितोरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बालिकाओं का केवल शिक्षित होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका मानसिक और वैचारिक रूप से मजबूत होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिषद के इस सार्थक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। नगर छात्रा प्रमुख रिया और नगर सह-मंत्री मयंक ने भी शिविर के सफल आयोजन पर अपने विचार साझा किए और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम के अंतिम चरण में शिविर में सफलतापूर्वक भाग लेने वाली सभी सहभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गान के साथ हुआ।
![]()
