– अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा के निर्देश पर नालों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और कूड़ा उठान तेज

– बड़े नालों की सफाई के साथ कीटनाशक का छिड़काव, लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

बुलंदशहर : ।भारत पुष्प। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नगर पंचायत छतारी द्वारा कस्बे में विशेष सफाई अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा के निर्देशन में सफाई कर्मियों की टीमें विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर नालियों एवं बड़े नालों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कूड़ा उठान और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रही हैं, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो सके। छतारी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है। नालियों की नियमित सफाई से जल निकासी सुचारु बनाई जा रही है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर उगी झाड़ियों की कटाई, कूड़े का समयबद्ध उठान और आवश्यक स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे मच्छरों एवं अन्य रोग फैलाने वाले कारकों पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सफाई कर्मचारी घर-घर और मोहल्लों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। नागरिकों से अपील की जा रही है कि घरेलू कूड़ा निर्धारित स्थान अथवा नगर पंचायत के ट्रैक्टर-ट्रॉली में ही डालें, घरों के आसपास जलभराव न होने दें और साफ-सफाई बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें। नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी सलीम ने बताया कि अभियान की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई कार्य लगातार जारी रहेगा, ताकि कस्बे को स्वच्छ, स्वस्थ और संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *