बुलन्दशहर। ।भारत पुष्प। आगामी सावन मास के अवसर पर जनपद की तहसील डिबाई क्षेत्र के रामघाट एवं नरौरा घाट से स्थानीय एवं अन्य जनपदों के कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के द्वारा जल लेकर जाया जाता है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों द्वारा करायी जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अतरौली की ओर से आने वाले कांवड़ मार्ग पर सड़क की मरम्मत, झाड़ियों की साफ-सफाई, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्व सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये। रामघाट गंगा घाट पर भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों के द्वारा जल भरकर ले जाने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्देशित किया गया कि घाट पर मजबूत बैरिकेटिंग करायी जाये। गहरे जल में किसी भी श्रद्धालु को नहीं जाने दिया जाये। पर्याप्त संख्या में महिलाओं के लिए चेंजिग रूम की व्यवस्था घाट पर सुनिश्चित करायें। घाट पर प्रकाश, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था भी करायी जाये। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गंगा घाट पर ही तैयारियों की समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि आगामी सावन मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल लेने के लिए आते हैं। इसलिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करायें। घाट पर नाव, गोताखोर की तैनाती रखें। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कन्ट्रोल रूम, खोया पाया केन्द्र, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय, पेयजल इत्यादि सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करायें। व्यवस्थाओं को बनाये रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ वॉलिंटियर्स भी लगाये जायें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा कराया जाये। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात को चलाया जाये। नरौरा गंगा घाट का भी निरीक्षण करते हुए घाट पर आवश्यकतानुसार की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाओं को पूर्ण कराया जाये। इस अवसर पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, उप जिलाधिकारी मनीष कुमार, सीओ मधुप सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
