जहांगीरपुर: (भारत पुष्प/कृष्णा वत्स) कस्बे में एक पागल कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में जाहिद पुत्र इस्ताक, जेनव पुत्री तौफीक, शाहजहां का लड़का तथा सुरेंद्र का नाती अन्नव सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पागल कुत्ते ने मोहल्ला व्यापारियान, लिख्खी लाठा, टंकी वाला सहित कस्बे के अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपना निशाना बनाया। कुत्ते के काटने के बाद घायल लोग उपचार के लिए जेवर स्थित अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार वहां कुत्ते के काटने के इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ घायलों को उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया।घटना की जानकारी मिलने पर विनय शर्मा ने जहांगीरपुर चौकी प्रभारी सोनबीर सिंह को मामले से अवगत कराया और पागल कुत्ते को पकड़वाने की मांग की। बताया जा रहा है कि सूचना के बाद भी अभी तक कुत्ता पकड़ में नहीं आया है और फिलहाल वह कहीं दिखाई भी नहीं दे रहा है। इसके चलते स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से मांग की है कि कुत्ते की तलाश कर उसे जल्द पकड़वाया जाए, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को उसका शिकार न बनना पड़े। स्थानीय लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
![]()
