खुर्जा। ।भारत पुष्प। एकेपी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई एनएसएस एंजेल्स के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवां दिन चुप्पी तोड़ो व महिला सुरक्षा पर आधारित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो डिंपल विज़, अंतरराष्ट्रीय कोच अमित शर्मा व नीलू सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम अधिकारी एकता चौहान ने बताया कि किशोरियों में मासिक धर्म के प्रति जागरूकता व मासिक धर्म प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा विगत 5 वर्षों से चुप्पी तोड़ो नामक मुहिम चलाई जा रही है। डॉ नीलू सिंह ने ग्रामीण महिलाओं व किशोरियों को बताया कि उन्हें इस दौरान क्या क्या सावधानियां बरतनी चाहिए ताकि कोई बीमारी ना हो। PCOD जैसी गंभीर बीमारी के बारे में जागरूक किया। प्रो डिंपल विज़ ने कहा कि मासिक धर्म मातृत्व की पहचान है ,इसे सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचने की वैक्सीन के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी।चर्चा के पश्चात स्वयं सेविकाओं ने गांव की किशोरियों और महिलाओं को सेनैटरी पेड्स का वितरण कर पर्सनल हाइजीन का संदेश दिया।

द्वितीय सत्र में अंतरराष्ट्रीय कोच व मार्शल आर्टस एक्सपर्ट अमित शर्मा ने महिला सुरक्षा पर अपने विचार रखे। उन्होंने छात्राओं को बताया कि सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है। गलत के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। वर्तमान समय में महिलाओं का शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने स्वयं सेविकाओं को विरोधी के गले दबाने, बाल व हाथ पकड़ने या शरीर को जकड़न की स्थिति में बचाव के अत्यंत प्रभावित तरीके बताएं। इस अवसर पर नंदिनी, मंतशा, पूजा, बर्षा, अनामिका भारती इत्यादि का सहयोग रहा।
![]()
