बुलंदशहर l ।भारत पुष्प। स्याना कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 17 मुकदमों के वांछित शातिर अपराधी अरबाज उर्फ पहाड़ी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ स्याना रामकरन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एक दिन पूर्व पुलिस मुठभेड़ के दौरान अरबाज अंधेरे की आड़ में फरार होने में कामयाब रहा था, जबकि उसका साथी राजा उर्फ जावेद पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। दोनों मिलकर आसपास के जिलों में बाइक चोरी और चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बीबीनगर रोड पर निर्माणाधीन पुलिस चौकी के पास वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच बाइक से आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह बाइक मोड़कर भागने लगा। शक होने पर टीम ने तुरंत घेराबंदी कर पीछा किया, तभी कुछ दूर जाकर उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने बच निकलने के लिए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान अरबाज उर्फ पहाड़ी निवासी मोहम्मदपुर रुस्तमपुर (बहादुरगढ़) के रूप में दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ मेरठ (मेडिकल थाना), बुलंदशहर (गुलावठी थाना), गाजियाबाद और हापुड़ के कई थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 17 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इसके अन्य नेटवर्क और मामलों की पड़ताल कर रही है।
![]()
