बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 58 एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 इस प्रकार जनपद स्तर पर कुल 78 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दीप्ति मित्तल, नगरपालिका परिषद बुलंदशहर की अध्यक्ष उपस्थित रहीं। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा शिक्षक दिवस के प्रतीक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात्, कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद गोरखपुर से आयोजित प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा। इस दौरान प्रदेश स्तर पर प्रदेश के कुल 81 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित होते हुए देखा गया जिसमें प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जनपद बुलंदशहर से चयनित शिक्षिका जूली मलिक संविलयन विद्यालय टाऊन विकास क्षेत्र- स्याना को भी सम्मानित किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी के उद्बोधन को सुना गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के पश्चात जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।  इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीप्ति मित्तल ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के पथ-प्रदर्शक और राष्ट्र निर्माता होते हैं, तथा उनके निस्वार्थ योगदान और समर्पण से ही एक सशक्त और शिक्षित समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित  निशा ग्रेवाल मुख्य विकास अधिकारी ने भी सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए उनका आह्वान किया कि वे सरकारी स्कूल के बच्चों के प्रति अपने दायित्वों को समझें, वे बच्चों को सह-शैक्षिक गतिविधियों में अधिक से अधिक प्रतिभाग कराएं और विद्यालयों में उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसी क्रम में विनय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक व वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुलंदशहर द्वारा सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए सभी सम्मानित शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। इस जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग व माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें मुख्य रूप से संतराम सिंह भड़ाना, विनीत पंवार, मनमोहन रोहिला, रवि कुमार, मनोज कुमार, अमरेश कुमार, गुंजन शर्मा, सीमा, मोनिका भाटी, अबरार खान, ज्योति भारद्वाज और विजयवीर सिरोही आदि शिक्षक शामिल रहे। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी (नगर), जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन सेवानिवृत शिक्षिका अनीता त्यागी द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *